30.7 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

आईएएस रिंकू सिंह राही ने राज्यपाल को लिखा पत्र, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

Must read

परिवार समेत पर्याप्त सुरक्षा की मांग, उरई कोतवाली में तहरीर नहीं लेने का भी उठाया मामला

लखनऊ। जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने के कारण उन्हें अपनी जीवनशैली तक सीमित करनी पड़ रही है।
रिंकू सिंह राही ने पत्र में वर्ष 2009 में मुजफ्फरनगर में हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए वह और उनका परिवार चिंता में हैं।
आईएएस अधिकारी ने उरई कोतवाली के थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह पर उनकी तहरीर प्राप्त नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इस मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
रिंकू राही के पत्र पर राज्यपाल सचिवालय के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसमें रिंकू सिंह राही और उनके परिवार को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही तहरीर नहीं लिए जाने के आरोप की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
रिंकू राही ने सोशल मीडिया पर राज्यपाल सचिवालय की कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि अब देखना है कि उच्च स्तर से भेजे गए निर्देशों का संबंधित अधिकारी किस तरह अनुपालन करते हैं। उन्होंने अपनी तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने को लेकर भी सवाल उठाया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article