लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन होने पर दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी और सरकार बनाएंगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “जब गठबंधन होगा, तो दोनों पार्टियां जीतकर आएंगी और सरकार बनाएंगी। हम कब हार की बात कर रहे हैं? हम भी जीत की ही बात कर रहे हैं।”
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच हाल के दिनों में बयानबाजी तेज हुई है। गौतम ने बराबर सम्मान और हिस्सेदारी की बात कही है, जबकि उन्होंने यह भी कहा कि सीटों की संख्या पर अंतिम फैसला दोनों दलों की वरिष्ठ नेतृत्व की बातचीत से होगा।
गौतम के बयान के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी गठबंधन में सीटों की संख्या के बजाय जीत को प्राथमिकता देने की बात कह चुके हैं। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले राजेंद्र पाल गौतम, कहा- “हम हार की नहीं, जीत की बात कर रहे हैं”


