33.7 C
Lucknow
Monday, October 5, 2026

जमीन बेचने के विवाद में पोते ने बाबा को मारी दो गोलियां, इलाज के दौरान मौत

Must read

 

फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में पोते द्वारा गोली मारे जाने से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था। कानपुर ले जाते समय रविवार देर रात करीब एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी पोता फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

रतनपुर गांव निवासी गजेंद्र घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक मकान में लेटे हुए थे। बताया गया कि उन्होंने अपने इलाज के लिए करीब 10 बिस्वा जमीन बेची थी। जमीन बेचने को लेकर उनका पोता अंकित नाराज चल रहा था। आरोप है कि रविवार शाम अंकित 315 बोर का तमंचा लेकर बाबा के पास पहुंचा और फायर कर दिया। गोली कंधे और पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज और घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। दूसरे पोते ने घायल गजेंद्र को बाइक से अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और देर रात करीब एक बजे उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अंकित कुछ देर तक मौके पर ही बैठा रहा। इसी दौरान उसकी बहनें अन्नू (15) और तन्नू (13) भी वहां पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि अन्नू आरोपी को दूसरे मकान में ले गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जहानगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से इस्तेमाल किया गया तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

सीओ आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article