छह अक्टूबर को संभावित दौरा, कस्बे में तेज हुआ साफ-सफाई अभियान
पीएचसी, विद्यालय और नालियों की सफाई में जुटे कर्मचारी
अमृतपुर कस्बे में इन दिनों साफ-सफाई अभियान तेज कर दिया गया है। विकास कार्यों की समीक्षा के लिए लखनऊ से टीम के छह अक्टूबर को संभावित दौरे की जानकारी मिलने के बाद पंचायत स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग स्थानों पर लगाकर सफाई कराई जा रही है।
सफाई नायक अरविंद ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यहां करीब 10 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। इसी तरह कंपोजिट विद्यालय अमृतपुर में आठ कर्मचारियों की तैनाती कर परिसर के कोने-कोने की सफाई कराई जा रही है।
गांव में भी करीब 10 सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है। कर्मचारियों द्वारा नालियों की सफाई करने के साथ ही किनारों पर उगी घास और गंदगी हटाई जा रही है। पशु स्वास्थ्य केंद्र के आसपास भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधान प्रशासक सचिन देव तिवारी ने बताया कि विकास कार्यों की जांच-पड़ताल और समीक्षा के लिए लखनऊ से टीम के आने की जानकारी है। टीम का संभावित दौरा छह अक्टूबर को प्रस्तावित है। इसी को लेकर कस्बे में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है।
वहीं, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल भी कस्बे में भ्रमण कर विकास कार्यों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों के संभावित निरीक्षण को देखते हुए पंचायत स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।


