फर्रुखाबाद। बढ़पुर क्षेत्र में शनिवार देर रात विवाद के बाद एक युवक छत की सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार किया जा रहा है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के जैनापुर गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद पुत्र स्वतंत्रपाल सिंह का शनिवार को गांव में किसी बात को लेकर एक युवक से विवाद हो गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। परिजनों के अनुसार पुलिस के गांव पहुंचने की जानकारी मिलने पर आनंद वहां से भागने लगा।
बताया गया कि भागते समय आनंद छत की सीढ़ियों से नीचे गिर गया। सिर के बल गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे निजी वाहन से लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रदीप राजपूत ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर चोट है। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
वहीं राजेपुर थाना प्रभारी राजीव पांडे ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। घायल युवक को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


