अमृतपुर। फर्रुखाबाद के अमृतपुर तहसील क्षेत्र में गंगा और रामगंगा की बाढ़ का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रामगंगा नदी खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 30 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और कई संपर्क मार्गों पर पानी भर गया है।
गुलरिया भावन, पुत्तू वाला गुड़ेरा, नीचे वाला चपरा, वजीरपुर, नौअनपुरवा, कड़हर, बांकेपुरवा, कुंवरपुरा, नवादा और भुढ़िया समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। चिड़िया महोलिया, अलादपुर भटौली, रेगापुर, खरगपुर, राई, सीढ़ेचकरपुर, नौसारा, नाहरैया, बेचेपट्टी और सिकंदरपुर भी प्रभावित हैं।
बाढ़ के पानी से अमैयापुर पुलिया, कड़हर-अर्जुनपुर संपर्क मार्ग, बिचपुरी, वजीरपुर संपर्क मार्ग और कोला सोता समेत कई रास्ते जलमग्न हैं। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लगातार जलभराव से फसलों पर भी असर पड़ने लगा है। गन्ने की फसल प्रभावित हो रही है, जबकि कई बीघा खेतों में तिली, चारा और बरसाती मक्का की फसल पानी में डूब गई है। किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है।
बिचपुरिया गांव में कटान शुरू
रामगंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बिचपुरिया गांव में नदी का कटान भी शुरू हो गया है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वहीं अर्जुनपुर गांव में खेतों और बाजार तक पानी भरने से सामान्य जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीणों को सब्जी और रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए सड़क पर लग रही अस्थायी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है।


