32.1 C
Lucknow
Sunday, October 4, 2026

थानाध्यक्ष नितिन चौधरी पर भड़के सफाईकर्मी, ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारों से गूंजा कंपिल

Must read

कंपिल (फर्रुखाबाद)। ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारियों से मारपीट के मामले में कार्रवाई में देरी से नाराज नगर पंचायत के सफाईकर्म यों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। कर्मचारियों ने काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हाथों में झाड़ू लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने थानाध्यक्ष नितिन चौधरी को हटाने की मांग उठाते हुए ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। मामला गरमाने के बाद कार्यवाहक थानाध्यक्ष हाकिम सिंह ने आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी देते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।

28 सितंबर की घटना, कार्रवाई में देरी से बढ़ा आक्रोश

सफाई कर्मचारियों के शिकायती पत्र के अनुसार, 28 सितंबर को कहारनटोला में नाला और गली की सफाई की जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गुलशन पुत्र अजयपाल और अजयपाल पुत्र रामदास ने सफाई कार्य में बाधा डाली। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। घटना के बाद कर्मचारियों की ओर से थाना कंपिल में कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया। इसके बाद 29 सितंबर को नगर पंचायत कंपिल की ओर से भी थाना अध्यक्ष को आधिकारिक पत्र भेजकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का अनुरोध किया गया। पत्र की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गईं। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि शिकायत और नगर पंचायत के पत्र के बावजूद कई दिन तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने इसी को लेकर थानाध्यक्ष नितिन चौधरी की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कार्रवाई में टालमटोल का आरोप लगाया।

‘कार्रवाई नहीं तो सफाई नहीं’

शनिवार को कर्मचारियों ने झाड़ू और सफाई उपकरण एक ओर रखकर काम बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ हुई घटना में यदि समय से कार्रवाई नहीं होगी तो वे असुरक्षित माहौल में काम नहीं कर सकते। उन्होंने ‘कार्रवाई नहीं तो सफाई नहीं’ का नारा देते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और थानाध्यक्ष को हटाने की मांग की।

हड़ताल के बीच आरोपी पकड़े जाने की सूचना

सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के बीच कार्यवाहक थानाध्यक्ष हाकिम सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में आरोपी को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के पकड़े जाने की सूचना के बाद भी सफाई कर्मचारी थानाध्यक्ष नितिन चौधरी की कार्यशैली को लेकर अपनी मांग पर कायम रहे। उनका कहना है कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि मामले में नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

हड़ताल से सफाई व्यवस्था प्रभावित

सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल कब समाप्त होती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article