33.3 C
Lucknow
Saturday, October 3, 2026

सरयू की कटान से हेतमापुर में बढ़ा खतरा

Must read

– बाबा नारायण दास मंदिर की सुरक्षा में जुटा बाढ़ खंड विभाग

बाराबंकी। जिले के हेतमापुर क्षेत्र में सरयू नदी की तेज कटान से खतरा बढ़ गया है। नदी की कटान अब बाबा नारायण दास मंदिर के करीब पहुंच गई है। मंदिर की सुरक्षा को लेकर बाढ़ खंड विभाग ने मौके पर अभियान चलाकर सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं।
कटान को रोकने और मंदिर को नदी की चपेट में आने से बचाने के लिए बाढ़ खंड विभाग की टीम ने मौके पर सुरक्षा सामग्री डालकर मंदिर के आसपास सुरक्षा घेरा तैयार किया है। विभाग की टीम नदी के बहाव और कटान की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नदी की कटान के चलते क्षेत्र में पहले ही 50 से अधिक मकान नदी में समा चुके हैं। लगातार हो रही कटान से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि कटान इसी तरह जारी रही तो आसपास के अन्य घर और धार्मिक स्थल भी खतरे की जद में आ सकते हैं।
सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल घटने लगा है, लेकिन इसके बावजूद नदी की कटान का खतरा कम नहीं हुआ है। जलस्तर घटने के बाद कई स्थानों पर नदी की धारा किनारों से टकरा रही है, जिससे मिट्टी तेजी से कट रही है।
बाढ़ खंड विभाग की ओर से कटान प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों की निगरानी में नदी के किनारे सुरक्षा सामग्री डाली जा रही है, ताकि कटान की गति को नियंत्रित किया जा सके।
कटान के कारण पहले ही बड़ी संख्या में मकान नदी में समा चुके हैं। ऐसे में मंदिर के आसपास कटान बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कटान प्रभावित क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article