28.1 C
Lucknow
Thursday, October 1, 2026

‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान

Must read

 

फर्रुखाबाद। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ चित्रकला प्रतियोगिता के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं का जनपद स्तर पर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मक सोच और उनके सपने विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी चित्रकला के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना को सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की चित्रकला में राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता जैसे विषय प्रमुखता से दिखाई दिए।

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षिक नवाचारों पर आधारित विशेष स्टॉल भी लगाया गया। अतिथियों ने स्टॉल का अवलोकन कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों की रचनात्मक और सृजनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article