दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में गोदाम (Warehouse) से निर्माण सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब 98 हजार रुपये की सामग्री चोरी करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि चोरी का सामान ठिकाने लगाने के लिए उसे कबाड़ी (scrap dealer) के पास बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी
- लोकेश चन्द्राकर, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- भगवंत देशमुख, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, गौरा चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- ताकेश देशमुख, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भेंगारी, गुण्डेडा, जिला बालोद, वर्तमान पता गांधी चौक के पास, ग्राम समोदा
- योगेश निषाद उर्फ बाऊ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, पंचायत भवन के सामने, चौकी जेवरा सिरसा
- पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी ग्राम समोदा, लीम चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा
- अनुप मिश्रा उर्फ राजू, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम सिरसाखुर्द, मंच के पास, देवार पारा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव
ग्राम समोदा नदी रोड स्थित गोदाम में सिविल ठेकेदारी से जुड़ी सामग्री रखी थी। गोदाम मालिक विमल कुमार ताम्रकार को रात में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोगों को सामान चोरी करते देख उन्होंने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके पैर में चोट पहुंचाई और सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
मामले की शिकायत के बाद जेवरा सिरसा पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किए 7.5 एचपी मोटर पंप, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, एल्युमिनियम केबल, लोहे का स्क्रैप सहित अन्य सामग्री बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त किया गया है। मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।


