कमालगंज संवाददाता ।
कमालगंज थाना क्षेत्र में रजीपुर के पास बुधवार को बिजली के तारों के आसपास बाधा बन रही पेड़ की डालियों की छंटाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। डाल अचानक टूटकर नीचे गिरने से एक युवक उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम खुदागंज निवासी श्रीकृष्ण पुत्र लालमन रजीपुर के पास बिजली विभाग के कार्य के दौरान पेड़ की डाल काटने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बिजली के तारों के निकट पेड़ों की डालियां आ जाने से आपूर्ति में बाधा आ रही थी, जिसके चलते डालियों को हटाया जा रहा था। इसी दौरान एक भारी डाल अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी और श्रीकृष्ण उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को संभाला और परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल घायल का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
बिजली लाइनों के आसपास उगी डालियों से अक्सर कार्य में व्यवधान होता है। इसी समस्या के समाधान के लिए कटाई का काम चल रहा था, तभी यह दुर्घटना घटित हुई।


