– कच्चा मकान गिरने के बाद बेघर हुए परिवार को राशन और जरूरत का सामान पहुंचाया
फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक के ग्राम बसेली निवासी गरीब ब्राह्मण परिवार की मदद के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अजीत यादव अपनी टीम के साथ आगे आए। परिवार के मुखिया जयप्रकाश पांडेय का कच्चा मकान दो दिन पहले गिर गया, जिसके बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई।
बताया गया कि जयप्रकाश पांडेय के बेटे का पहले ही निधन हो चुका है। बहू भी परिवार से अलग होकर चली गई। वर्तमान में उनके दो नाती-नातिन हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों और रहने की व्यवस्था को लेकर संकट बना हुआ है।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर अजीत यादव अपनी टीम के साथ उनके घर पहुंचे और परिवार को राशन सहित घर की आवश्यक जरूरतों का सामान उपलब्ध कराया। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
अजीत यादव ने कहा कि यदि सरकार की ओर से परिवार के लिए आवास की व्यवस्था कराई जाती है तो यह सबसे बेहतर होगा। यदि सरकारी स्तर से मकान की व्यवस्था नहीं हो पाती है तो उनकी टीम स्वयं परिवार के लिए मकान बनवाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के भाव से जरूरतमंदों की सहायता का सिलसिला आगे भी जारी रखा जाएगा।
इस दौरान अजीत यादव के साथ अनुराग यादव, सूरज राठौड़, अभय यादव, आशीष यादव और इलियास मंसूरी सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


