लखनऊ। शाहजहांपुर के खुदागंज क्षेत्र में मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। शाहजहांपुर के सूथा गांव में मंदिर के दो वृद्ध साधुओं गोपाल दास और बिहारी दास की हत्या के बाद उनके शव जलाए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “साधुओं का भी अपमान किया जा रहा है। पुलिस बीजेपी की वर्कर है।” उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए और घटना को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक संदर्भ में भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा,“एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा।” साथ ही उन्होंने दावा किया कि “जेन-जी और पीडीए बीजेपी को हराएंगे।”
शाहजहांपुर की घटना में पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद का एंगल सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


