कमालगंज संवाददाता।
रेलवे स्टेशन के पास फल की ठेली लगाने वाले एक फल विक्रेता को मोलभाव के विवाद में गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। ग्राहकों ने उसके सिर पर तराजू का एक किलो का बाट मार दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस मामले में घायल की बहन की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मोहनपुर दीनारपुर निवासी नन्हीं देवी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई मनोज कुमार रेलवे स्टेशन के निकट फलों की ठेली लगाता है,हरदेव नगर निवासी शिवम, करन, मोटी और संजीव वहां सेब और केले खरीदने आए।
बताया गया कि फलों के दाम को लेकर दोनों पक्षों में मोलभाव होने लगा। मनोज ने कम दाम में फल देने से इनकार कर दिया, जिस पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने पास रखा एक किलो का लोहे का बाट उठाकर मनोज के सिर पर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को आनन-फानन में सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष रामसहाय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


