– सील इमारत के क्षतिग्रस्त पिलरों को जैक से दिया जा रहा सहारा
– ईंटों की दीवार खड़ी कर निचले हिस्से को मजबूत करने का काम जारी
लखनऊ। गोलागंज के बारूदखाना स्थित एसए अपार्टमेंट में पिलरों में दरार और इमारत के अस्थिर होने के बाद प्रशासन ने उसे सुरक्षित करने की कवायद तेज कर दी है। एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट को खाली कराकर सील किया गया है और मौके पर राहत-बचाव एवं तकनीकी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
इमारत को मजबूती देने के लिए क्षतिग्रस्त पिलरों को जैक का सपोर्ट दिया गया है। वहीं, निचले हिस्से में ईंटों की दीवार खड़ी कर संरचना को अतिरिक्त सहारा देने का काम किया जा रहा है। एलडीए, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रख रही हैं।
बताया गया कि अपार्टमेंट के भूतल पर बने दो-तीन पिलरों में दरार आने के बाद लोगों में दहशत फैल गई थी। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से इमारत में रहने वाले करीब 25 परिवारों को बाहर निकाल लिया था। आसपास के क्षेत्र में भी आवाजाही को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल प्राथमिकता इमारत को स्थिर करना और किसी भी संभावित हादसे को रोकना है। एलडीए की ओर से भवन के निर्माण और स्वीकृत नक्शे से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
प्रशासन की निगरानी में इमारत के निचले हिस्से को मजबूत करने का काम जारी है।


