लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के मलिहाबाद में बीते सोमवार देर रात मामूली विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर चारपाई पर बैठे ग्रामीणों पर तेज रफ्तार छोटा हाथी लोडर (Chota Hathi Loader) चढ़ा दिया। हादसे में 60 वर्षीय श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण पड़ोसी के दरवाजे के सामने चारपाई डालकर बैठे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद के बाद युवक वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह छोटा हाथी लोडर लेकर वापस आया। ग्रामीणों के मुताबिक, युवक ने तेज रफ्तार लोडर चारपाई पर बैठे लोगों की तरफ मोड़ दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, कई लोग वाहन की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी वाहन लेकर मौके से भाग निकला। वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय श्यामलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं छह अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कसमंडी चौकी प्रभारी और मलिहाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर एसीपी मलिहाबाद और इंस्पेक्टर सुरेंद्र भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने श्यामलाल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


