पुलिस ने अपने वाहन से सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टर कर रहे उपचार
मोहम्मदाबाद। कस्बे के रोहिला चौराहे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदाबाद पहुंचाया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अशोक सिंह घायल का उपचार कर रहे हैं। घायल की पहचान नगला स्वामी निवासी मिस्त्री सौर सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अजय कश्यप के रूप में हुई है। बताया गया कि अजय अपने मामा विजय कश्यप निवासी मौधा के घर से बाइक से अपनी ससुराल नगला सूदन जा रहा था। इसी दौरान रोहिला चौराहे पर बाइक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई।
पुलिस ने हादसे की सूचना घायल के परिजनों को दे दी है। वहीं, उसका मामा विजय कश्यप भी सीएचसी पहुंच गया।


