मेरठ: यूपी के मेरठ (Meerut) में सड़क पर स्कूली बच्चों (students) की लापरवाही का वीडियो सामने आने के बाद मेरठ ट्रैफिक पुलिस (Meerut Traffic Police) ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल दो अलग-अलग वीडियो में एक बाइक पर छह छात्र और एक स्कूटी पर चार छात्राएं सवार दिखाई दे रही हैं। सभी छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने बाइक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है और वाहन सीज करने की तैयारी की जा रही है। स्कूटी वाले मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक बाइक पर छह छात्र सवार दिखाई दे रहे हैं। बाइक चला रहे छात्र के अलावा कई बच्चे सीट पर बैठे हैं, जबकि एक छात्र पीछे बैठे दूसरे छात्र के कंधे पर बैठा नजर आ रहा है। सभी बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में हैं और उनके कंधों पर स्कूल बैग भी दिखाई दे रहे हैं। इस तरह बाइक पर क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाकर सड़क पर चलना हादसे का कारण बन सकता था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
दूसरे वीडियो में चार छात्राएं एक ही स्कूटी पर सवार दिखाई दे रही हैं। छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में हैं और सड़क पर स्कूटी से जाती नजर आ रही हैं। वीडियो में स्कूटी की रफ्तार भी सामान्य से अधिक दिखाई दे रही है। एक स्कूटी पर चार छात्राओं का बैठना यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ ही सड़क पर उनकी सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करता है। पुलिस ने इस वीडियो को भी संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन और उसमें सवार बच्चों की पहचान करने की कोशिश की। बाइक वाले मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बाइक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही वाहन को सीज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मोटरसाइकिल पर चार-पांच से अधिक बच्चों के सवार होने का वीडियो सामने आया था। जांच के बाद कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों का इस तरह मोटरसाइकिल चलाना पूरी तरह गलत है।
एसपी ट्रैफिक ने अभिभावकों से बच्चों की निगरानी करने और उन्हें वाहन चलाने से रोकने की अपील की पुलिस के मुताबिक, स्कूटी पर चार छात्राओं के सवार होने वाले वीडियो को भी गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।


