शमशाबाद, फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के अंतर्गत रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसियापुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुल 32 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें जांच के बाद आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में आयोजित स्वास्थ्य मेले में खांसी, जुकाम, बुखार तथा दाद, खाज और खुजली से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। फार्मासिस्ट ने बताया कि शिविर में 32 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं।
इस दौरान प्रयोगशाला तकनीशियन नेहा महरूस ने मरीजों की विभिन्न जांचें कीं। इनमें छह मरीजों की मधुमेह, दो की रक्तचाप, दो की मलेरिया और दो की टाइफाइड संबंधी जांच की गई। इसके अलावा डेंगू से संबंधित जांच भी की गई।
एएनएम प्रीति देवी ने महिला मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करते हुए ‘हम दो, हमारे दो’ का संदेश दिया। शिविर में वार्ड बॉय राजा ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी मरीजों की भीड़, 32 मरीजों को मिलीं जीवन रक्षक दवाएं


