23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहरों का निर्माण संभव : ए.के. शर्मा

Must read

 

– सीबीजी, वेस्ट-टू-एनर्जी और बायोफ्यूल के जरिए कचरे के बेहतर उपयोग पर जोर

ग्रेटर नोएडा/लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल शहरों की सफाई तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध पर्यावरण, स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से है। वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से कचरे का प्रबंधन कर शहरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के दौरान नगर विकास विभाग की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित सेमिनार में मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस कचरा निकलता है। यदि इसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण और प्रसंस्करण किया जाए तो यही कचरा आर्थिक अवसर में बदला जा सकता है। कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोफ्यूल, रिसाइक्लिंग और री-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में कचरे के उपयोग से नए उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से शहरों की क्वालिटी ऑफ लाइफ में सुधार के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। अब आवश्यकता है कि इस अभियान को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था से और मजबूत किया जाए।
उन्होंने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और प्रेरणास्थल का उल्लेख करते हुए कहा कि कचरे का उचित प्रबंधन नगरीय क्षेत्रों के लिए बड़ी आर्थिक संभावना भी बन सकता है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का सीधा प्रभाव पर्यावरण और वायु गुणवत्ता पर पड़ता है। कचरे का उचित निस्तारण और प्रोसेसिंग होने से खुले में कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों में कमी लाई जा सकती है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी।
उन्होंने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के कई शहरों के उल्लेखनीय प्रदर्शन का जिक्र करते हुए इसे अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों के प्रयासों से जोड़ा।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगर विकास विभाग के सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा ने मंत्री ए.के. शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजनों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रणाली से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर विकास विभाग के सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा, विशेष अतिथि वी.के. चौरसिया, देश-विदेश से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article