23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

बारिश ने बढ़पुर विकास नगर की खोली पोल, घरों में कमर तक पानी

Must read

फर्रुखाबाद। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के बढ़पुर विकास नगर स्थित अनोखे लाला वाली गली में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी गलियों में भरने के साथ ही लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया है। कई घरों में कमर तक पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के साथ गंदगी भी घरों के अंदर पहुंच रही है। इससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों को संक्रमण और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका सता रही है। बारिश के पानी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश के दौरान हर बार यहां जल निकासी की समस्या सामने आती है। लोगों के मुताबिक नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से पास के तालाब के शुद्धिकरण और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। घरों में लंबे समय तक पानी भरा रहने से भवनों को नुकसान पहुंचने के साथ ही बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, गलियों से पानी निकलवाने, गंदगी की सफाई कराने तथा मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान उत्पन्न हुई समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में उन्हें इसी तरह जलभराव की परेशानी न झेलनी पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article