– कुदरकोट पुलिस ने छह पीली धातु की अंगूठियां बरामद की।
औरैया। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुदरकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना क्षेत्र में सर्राफा दुकान से हुई अंगूठी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से छह पीली धातु की अंगूठियां बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कुदरकोट पुलिस को मुखबिर से अभियुक्त के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से गढ़वाना जाने वाले मार्ग पर बने अंडरपास के पास घेराबंदी कर अभियुक्त कासिम अब्बास अंसारी उर्फ भानु यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की छह पीली धातु की अंगूठियां बरामद हुई हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 19 सितंबर को कुदरकोट थाना क्षेत्र में स्थित एक सर्राफा दुकान से अंगूठियां चोरी होने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू करते हुए अभियुक्त की तलाश तेज कर दी थी। मामले के सफल अनावरण और अभियुक्त की गिरफ्तारी पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा एवं कुदरकोट थाना प्रभारी ललितेश त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस टीम की कार्रवाई उल्लेखनीय रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना की।


