
कमालगंज संवाददाता 📍
गुरुवार रात से क्षेत्र में जो बारिश का दौर शुरू हुआ है, वह शनिवार तक लगातार जारी है। हालांकि बिजली की मुख्य समस्या शुक्रवार शाम से गहराई है।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को दिन में बिजली रुक-रुक कर कुछ देर के लिए आती-जाती रही, लेकिन शाम होते-होते आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई ।
इसका मुख्य कारण लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम ही है। तेज हवा के साथ बारिश होने से कई जगह पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए हैं। वहीं शनिवार को 33 हजार की मुख्य लाइन में फाल्ट आने से कमालगंज विकास खंड के खुदागंज समेत करीब 350 गांवों में अंधेरा छाया रहा।
बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित है, मोबाइल चार्ज करने तक में दिक्कत हो रही है और रात के समय सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई ने बताया कि लगातार बारिश के कारण लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं और आज 33 केवीए लाइन में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित है। विभाग की टीमें खराब मौसम के बीच भी मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। फाल्ट ठीक होते ही सभी गांवों की बिजली बहाल कर दी जाएगी।


