23 C
Lucknow
Saturday, September 26, 2026

28 घंटे से रुक-रुककर बारिश, शहर से गांव तक जलभराव

Must read

 

बिजली ठप, ठंडी हवाओं से गिरा तापमान

फर्रुखाबाद। जिले में पिछले 28 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह पांच बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार तक जारी रहा। लगातार बरसात के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। कई स्थानों पर सड़कों और गलियों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है।

शहर के केशव नगर, नेकपुर, भोलेपुर और मदारबाड़ी सहित कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लोगों को पानी भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है। आवास विकास क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों पर बारिश के बाद कीचड़ बढ़ गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के बीच बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर नगला हसा के पास पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। वहीं नवाबगंज बिजली घर में पानी भर जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। लगातार बारिश के बीच बिजली ठप होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई। ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर खेतों में खड़ी फसलें बारिश और तेज हवा के कारण गिर गई हैं।

किसानों के मुताबिक धान की फसल के लिए यह बारिश फिलहाल लाभदायक है, लेकिन सब्जियों की खेती पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। खेतों में खड़ी मिर्च, धनिया और फूलगोभी की पौध को नुकसान की आशंका है। लौकी और तुरई की फसल भी लगातार बारिश से प्रभावित हो सकती है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो सब्जी उत्पादक किसानों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।

लगातार बारिश से शहर और गांव दोनों क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति भी सामने आ रही है। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में शीघ्र जलनिकासी और बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल करने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article