– यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील
– शहर में जाम के चलते एयरपोर्ट पहुंचने में हो सकती है देरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं और लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें, क्योंकि भारी बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बन सकती है। इसके चलते एयरपोर्ट पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 26 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है।
लखनऊ में भी भारी बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान का स्टेटस पहले जांच लें और यात्रा के लिए पर्याप्त समय रखें। लखनऊ एयरपोर्ट की आधिकारिक गाइडलाइन के अनुसार घरेलू यात्रियों को सामान्य परिस्थितियों में उड़ान से कम से कम दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी जाती है।


