ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, एमएसएमई और निर्यात क्षमता को वैश्विक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के चौथे संस्करण का शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से ट्रेड शो का उद्घाटन किया।
चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘Ultimate Sourcing Begins Here’ रखी गई है। ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को देश और दुनिया के खरीदारों तक पहुंचाने तथा उद्यमियों, निर्यातकों, निवेशकों और खरीदारों के बीच कारोबारी संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार इस संस्करण में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बी2बी खरीदार/व्यावसायिक आगंतुक और करीब 4.5 लाख आम आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी प्रस्तावित है।
ट्रेड शो में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम को साझेदार देशों के रूप में शामिल किया गया है। कृषि, ऑटोमोबाइल, रक्षा, आईटी, स्वास्थ्य, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प और अन्य क्षेत्रों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ को भी प्रमुखता दी गई है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न जिलों की पारंपरिक खाद्य विरासत को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।
ट्रेड शो में बी2बी बैठकें, ज्ञान सत्र, फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। खरीदार और प्रदर्शक UPITS ऐप के माध्यम से कारोबारी बैठकें पहले से तय कर सकते हैं।
फोटो कैप्शन: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।


