फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित एक अस्पताल से मरीज को देखकर बाइक से वापस जा रहे दंपति को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सकवाई के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक ने अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे कई अन्य वाहन चालक भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के नगला सुदामा निवासी सोनू उर्फ शरद पुत्र शेषवरण अपनी पत्नी खुशी के साथ बाइक पर सवार होकर फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित एक अस्पताल में मरीज को देखने आए थे। मरीज को देखने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे।
बताया गया कि जब दंपति मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सकवाई के पास पहुंचे, तभी एक डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू उर्फ शरद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी खुशी घायल हो गई।
एक के बाद एक कई वाहनों को मारी टक्कर
हादसे के बाद डीसीएम ने सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे कई अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और उनके चालक भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, पत्नी घायल, कई अन्य वाहन भी चपेट में आए


