लखनऊ में H1N1 के पांच नए मरीज मिलने से एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। अब तक 36 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए, जिनमें 35 को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। नए मरीजों में एक अस्पताल में भर्ती है, जबकि चार होम आइसोलेशन में हैं। गंभीर मरीजों की RT-PCR जांच कराने की सलाह दी गई है।
शंभूपुर हत्याकांड: पोस्टमार्टम से सामने आया गोलीकांड का सच
आजमगढ़ के शंभूपुर हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम खुलासा हुआ है। तीन हत्याओं के बाद आरोपी अरविंद करीब सात घंटे तक बच्चों के साथ कमरे में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर बंद रहा। पुलिस लगातार बच्चों को बाहर भेजने की अपील करती रही, लेकिन आरोपी धमकी देता रहा। गोली की आवाज सुनकर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। कमरे में नौ वर्षीय शौर्य गंभीर हालत में मिला, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम में ब्लैकनिंग, टैटूइंग और स्कॉर्चिंग के निशान मिले। पुलिस के मुताबिक शौर्य को अरविंद ने ही गोली मारी थी। दोनों अनाथ बच्चियों की मदद का फैसला पुलिस ने लिया है।
विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए निधन को अत्यंत दुःखद बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की सद्गति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखा।
नशा तस्करों पर ANTF का शिकंजा, 71 पर PIT NDPS Act में कार्रवाई
लखनऊ। यूपी में नशे के कारोबार के खिलाफ एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। PIT NDPS Act के तहत 71 नशा तस्करों के खिलाफ निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई है। इनमें 33 कार्रवाई यूपी एएनटीएफ ने की। अब तक 69 मामलों में करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। वर्ष 2024 से 2026 के बीच जब्ती की राशि करीब 78.5 करोड़ रुपये बताई गई है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2029 तक यूपी को नशामुक्त राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान में 317 होटल-रेस्टोरेंट की जांच
लखनऊ। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य विभाग ने छह जिलों में 317 होटल-रेस्टोरेंट इकाइयों का निरीक्षण किया। कई प्रतिष्ठानों में सफाई व्यवस्था खराब मिली और कीड़े-मकौड़े पाए गए। वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी खामियां सामने आईं। कानपुर में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और गंदगी मिली, जबकि प्रयागराज में गंदा किचन व खराब ड्रेनेज पाया गया। अयोध्या में फंगस, एक्सपायर्ड सामग्री और कीड़े मिले। बरेली-मुरादाबाद में जाम ड्रेनेज और कॉकरोच मिले। गंभीर मामलों में लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है।


