मोहम्मदाबाद। ताजपुर-छिबरामऊ मार्ग पर कुम्हौली गांव के पास काली नदी पुल के नीचे गुरुवार को भूसे की झाल में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। झाल से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को शव होने की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सीओ आलोक सिंह, कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक और ताजपुर चौकी प्रभारी कपिल कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। झाल खुलवाने पर उसमें करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिला। युवती ने प्रिंटेड कुर्ती और काली जींस पहन रखी थी। शव का चेहरा काफी क्षत-विक्षत था और कीड़ों ने उसे खा लिया था। झाल में करीब 20-20 किलो के दो पत्थर भी रखे मिले।
कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और प्रथम दृष्टया बहकर आने की आशंका है। युवती की हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मोहम्मदाबाद में काली नदी पुल के नीचे भूसे की झाल में युवती का शव मिलने से सनसनी


