कमालगंज, फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम रजीपुर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ई-स्कूटी सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रार्थिनी खुशी पुत्री सुरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम सबलपुर, थाना कमालगंज द्वारा प्रभारी निरीक्षक थाना कमालगंज को दी गई तहरीर के अनुसार दिनांक 31/07/2026 को सुबह करीब 7.30 बजे वह अपनी सहेली सोनाली मिश्रा पुत्री गोखरनाथ मिश्रा, निवासी ग्राम श्रृंगीरामपुर की ई-स्कूटी से कमालगंज कोचिंग पढ़ने जा रही थी।
तहरीर में बताया गया कि ग्राम रजीपुर में तालाब के पास रजीपुर चौराहा की तरफ से आ रही पिकअप गाड़ी संख्या UP76K5601 के अज्ञात चालक ने पिकअप को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए विपरीत दिशा में आकर स्कूटी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी पर सवार प्रार्थिनी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल का इलाज निजी अस्पताल शगुन हॉस्पिटल में चल रहा है।
पुलिस ने प्रार्थिनी की तहरीर के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


