कनमन के पास हादसा; दो पुलिसकर्मी घायल, चालक हिरासत में
बरेली। देवरनिया थाना क्षेत्र में कनमन गांव के पास सीएनजी गैस से भरे मिनी ट्रक ने पुलिस की फील्ड यूनिट की गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मिनी ट्रक पलट गया और सड़क किनारे बाइक के साथ खड़े रिजवान उसके नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में फील्ड यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर ईलम सिंह और कांस्टेबल शत्रुसूदन घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बताया गया कि सीएनजी से भरा मिनी ट्रक बहेड़ी से बरेली की ओर जा रहा था। कनमन के पास टेंपो को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद पुलिस की फील्ड यूनिट की गाड़ी से टक्कर हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीएनजी वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


