अवैध निर्माण, टूटी सड़कों और सफाई में लापरवाही पर कार्रवाई; तीन एजेंसियों पर 35 लाख रुपये का जुर्माना
नोएडा। शहर में अवैध निर्माण, खराब सड़कों और सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने सख्त कार्रवाई की है। अधिकारियों के औचक निरीक्षण में कई जगह खामियां मिलने के बाद दो संविदा जूनियर इंजीनियर और दो सुपरवाइजर की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बरौला में अवैध निर्माण चलता मिला। इसके अलावा शहर के कई हिस्सों में सड़कें टूटी मिलीं। सीईओ ने सभी सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम 20 अक्टूबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
सेक्टर-19 समेत कई इलाकों में गंदगी मिलने पर तीन एजेंसियों पर कुल 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजी एन्वायरो पर 25 लाख रुपये, जबकि दो अन्य एजेंसियों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।
प्राधिकरण ने अतिक्रमण हटाने के लिए भी वर्क सर्किल प्रभारियों को समयसीमा दी है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि के बाद भी अतिक्रमण मिलने पर संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


