लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कृषि, गन्ना किसानों और सहकारी बैंकों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार आती है तो अच्छे काम भी होते हैं। प्रदेश में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता के वेयरहाउस तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले वर्षों-वर्षों तक गन्ना किसानों का भुगतान नहीं होता था। किसानों को समय पर पर्ची नहीं मिलती थी और घटतौली की शिकायतें भी होती थीं। आज कई चीनी मिलों से गन्ने का भुगतान चार दिन में किया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने अब तक गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में 12 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में उपद्रव नहीं, बल्कि उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के दौरान भी प्रदेश में किसानों को उर्वरक मिलता रहे, इसकी व्यवस्था सरकार ने की।
सहकारी बैंकों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक बंद हो गए थे। आज इन 16 में से 15 सहकारी बैंक फायदे में आ चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
50 हजार मीट्रिक टन के वेयरहाउस तैयार हो रहे: सीएम योगी


