नगर निगम पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर बरसाए गुलाब के फूल, सौंपा ज्ञापन
आगरा। शहर में टूटे और खुले नालों, बदहाल पार्कों तथा विकास कार्यों में देरी को लेकर लोगों में नाराजगी सामने आई है। मंगलवार को डॉ. आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने आगरा नगर निगम पहुंचकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम अधिकारियों पर गुलाब के फूल बरसाकर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष प्रिंस ने आरोप लगाया कि वार्ड-1 काजीपाड़ा स्थित माहौर समाज की बगीची के निर्माण और बिजलीघर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क के जीर्णोद्धार का काम लंबे समय से लंबित है। वहीं, लोहामंडी थाने के पीछे खुला नाला भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर नालों की स्थिति खराब है और जलभराव व गंदगी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर निगम से समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान कराने और लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की।
गौरतलब है कि नगर निगम ने हाल में आगरा के खुले और संवेदनशील नालों को चिह्नित कर उन्हें कवर करने की योजना तैयार की है।
प्रदर्शन के दौरान राहुल वरुण, विवेक बौद्ध, रतन बाबू, महिपाल सिंह, संजय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


