कमालगंज संवाददाता: बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर मंगलवार को कमालगंज विकासखंड में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। खुदागंज स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्ध गुफा सरकार हनुमान मंदिर में 32वां बुढ़वा मंगल वार्षिकोत्सव बड़ी श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इसके साथ ही श्री हनुमान मंदिर सबलपुर, हनुमान धाम गंगा गली सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों के मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
खुदागंज में काली नदी के किनारे बने मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। दूर-दराज से आए भक्तों के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष करीब दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था।
यह दिव्य आयोजन मंदिर की देखरेख में ब्रह्मलीन परमसंत श्री श्री 1008 श्री मनुआ भगवान जी महाराज की प्रेरणा से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ से हुई। दोपहर 12 बजे हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
भंडारे की महिमा और प्रसाद वितरण
बुढ़वा मंगल पर भंडारे का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन हनुमान जी के नाम पर कराया गया भंडारा और प्रसाद वितरण करने से सभी संकट टल जाते हैं और बजरंगबली अपने भक्तों की मनोकामना पूरी करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए दोपहर 2 बजे से मंदिर परिसर में भंडारा और प्रसाद बंटना शुरू हुआ जो देर शाम तक अनवरत चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
बुढ़वा मंगल पर मंदिर परिसर और आसपास मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए झूले लगाए गए थे। खाने-पीने, खिलौनों और अन्य सामान की दुकानें भी सजी थीं। बच्चों के साथ आए परिवारों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। भीड़ को देखते हुए आवाजाही की विशेष व्यवस्था की गई थी।
सेवा में जुटे रहे दर्जनों लोग
इस अवसर पर कमालगंज क्षेत्र में हुए भंडारों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सेवा की। सबलपुर क्षेत्र में आयोजित भंडारे में महेश सिंह, दीपेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित दर्जनों युवाओं और ग्रामीणों ने प्रसाद बनाने से लेकर परोसने तक में पूरे मनोयोग से सेवा कार्य किया।


