फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्यू फौजी कॉलोनी निवासी सुशांत पुत्र रामविलास ने कोतवाली फतेहगढ़ में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 31 अगस्त को वह अपने गांव बेवर जा रहा था। रास्ते में काशीराम कॉलोनी के पास गौरव नाम के व्यक्ति ने उसे हाथ देकर रोका और मोहम्मदाबाद तक छोड़ने के लिए कहा। सुशांत के अनुसार उसने गौरव को मोहम्मदाबाद छोड़ दिया और इसके बाद अपने गांव बेवर चला गया, जबकि गौरव अपने घर लौट गया।
बताया गया कि बाद में गौरव और उसकी पत्नी संध्या देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद संध्या देवी ने एक सितंबर को सुशांत के घर के बाहर खड़ी उसकी स्कॉर्पियो कार पर पथराव कर दिया। पथराव से कार क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के संबंध में सुशांत ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संध्या देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला ने कर पर किया पथराव, मुकदमा दर्ज


