एटा: उत्तर प्रदेश के एटा (Etah) में सोमवार देर रात मां-बेटी (Mother and daughter) की हत्या से सनसनी फैल गई। आवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर मोहल्ले में चारपाई पर 65 वर्षीय कमला देवी और उनकी 35 वर्षीय बेटी प्रियंका के शव मिले. आरोप है कि प्रियंका के पति ने अपने पिता के साथ मिलकर दोनों की हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी घर से फरार बताए जा रहे हैं।
वारदात जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर सोमवार रात करीब 12:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. शुरुआती जानकारी में उनके चेहरों पर कट के निशान और आंखें भी फोड़ने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रियंका और उसके पति के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद परिवार के लोग खाना खाकर सो गए, देर रात पति-पत्नी के बीच दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से प्रियंका पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि बेटी को बचाने के लिए उसकी मां कमला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी हथौड़े से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी के पिता ने भी उसका साथ दिया, घटना के समय आरोपी दंपती के तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे।
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. इलामारन जी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और SOG को लगाया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हत्या की वजह और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


