30 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

आधी रात 34 आईएएस अफसर बदले, 14 जिलों के डीएम हटे

Must read

 

 

राजेंद्र पैंसिया भी चार माह में स्थानांतरित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया। मुरादाबाद, कानपुर, कुशीनगर समेत 14 जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है। पांच जिलाधिकारियों को दूसरे जिलों की जिम्मेदारी दी गई, जबकि नौ को शासन में भेजा गया है। कई नए चेहरों को पहली बार जिलों की कमान सौंपी गई है।

फेरबदल में मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। महज करीब साढ़े चार माह के कार्यकाल के बाद उन्हें कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। हालांकि, कम समय के कार्यकाल के बावजूद पैंसिया अपनी प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर चर्चा में रहे। इससे पहले संभल के जिलाधिकारी के रूप में करीब 23 माह तक उन्होंने जिले की जिम्मेदारी संभाली थी और प्रशासनिक स्तर पर उनकी सक्रिय कार्यशैली की खास चर्चा रही।

मुरादाबाद से तबादले के बाद पैंसिया ने अपने सामाजिक माध्यम खाते पर लिखा कि “कल की चिंता व्यर्थ है, आज पर ध्यान दीजिए।” उनके एक अन्य संदेश में भी आज के कर्म को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। पैंसिया 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

फेरबदल में कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, बिजनौर की जसजीत कौर, महोबा की गजल भारद्वाज, बागपत की अस्मिता लाल, हमीरपुर के अभिषेक गोयल, बलिया के मंगला प्रसाद सिंह, एटा के अरविंद सिंह और हाथरस के अतुल वत्स समेत कई जिलाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

सरकार ने कई अधिकारियों को दोबारा जिलों की कमान सौंपी है। हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद, अमेठी के संजय चौहान को कुशीनगर, कुशीनगर के महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर, संत कबीर नगर के आलोक कुमार को पीलीभीत और पीलीभीत के ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा कई अधिकारियों को पहली बार जिलों की जिम्मेदारी मिली है। मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत, राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पांडेय को हरदोई और आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article