नई दिल्ली, 21 सितंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार, 22 सितंबर को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में देश में मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर मंथन होगा।
ड्रग कार्टेल से लेकर डार्कनेट तक निशाने पर
सम्मेलन में ड्रग कार्टेल को खत्म करने, सिंथेटिक ड्रग्स और गुप्त प्रयोगशालाओं पर कार्रवाई, डार्कनेट तथा क्रिप्टो माध्यमों से होने वाली अवैध गतिविधियों की जांच जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रमुख इसमें भाग लेंगे।
लखनऊ और देहरादून में बनेंगे नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के नए परिसर
अमित शाह सम्मेलन के दौरान लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नए क्षेत्रीय परिसरों की आधारशिला भी रखेंगे। इसके साथ ही मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान से जुड़ा टेलीविजन विज्ञापन जारी किया जाएगा और नए स्वरूप वाली नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की वेबसाइट का शुभारंभ होगा।
2026-29 के दृष्टि दस्तावेज पर फोकस
सम्मेलन में नारकोटिक्स नियंत्रण दृष्टि दस्तावेज 2026-29 के लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा होगी। रणनीति के चार प्रमुख स्तंभों में प्रवर्तन एवं खुफिया कार्रवाई, सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण, मांग में कमी एवं पुनर्वास तथा क्षमता निर्माण और समन्वय शामिल हैं।
आज अमित शाह की ‘हनुमान अंश’ की टीम से भी मुलाकात
सोमवार को अमित शाह ने नई दिल्ली में बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों और निर्माण टीम से मुलाकात की। उन्होंने बाबा नीब करौरी की आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी भक्ति को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।


