30 C
Lucknow
Monday, September 21, 2026

महीनों से अधूरा पड़ा पुलियों का निर्माण, हादसे का खतरा

Must read

 

ऊंची मिट्टी से बनाया गया अस्थायी रास्ता बना परेशानी, ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप

अमृतपुर

अमृतपुर। थाना क्षेत्र के गांव पंचम नगला के पास पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे दो पुलियों के निर्माण का कार्य पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य बंद होने और पुलियों के आसपास मिट्टी डालकर बनाए गए अस्थायी रास्ते के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य पूरा न होने पर हादसे की आशंका जताते हुए संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक पंचम नगला के पास सड़क पर आवागमन को सुचारु रखने के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा दो पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण शुरू होने के बाद कुछ काम कराया गया, लेकिन इसके बाद कार्य बंद हो गया। कई महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण पूरा नहीं कराया गया है। पुलियों के आसपास मिट्टी डालकर फिलहाल रास्ता बनाया गया है, लेकिन मिट्टी का रास्ता ऊंचा-नीचा होने के साथ ही आवागमन के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। अधूरे निर्माण और अस्थायी रास्ते के कारण विशेषकर बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी ठेकेदार की लापरवाही को दर्शाती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलियों का निर्माण पूरा कर रास्ते को व्यवस्थित नहीं किया गया तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर अधूरे पड़े निर्माण कार्य की स्थिति की जांच कराने, निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा तब तक रास्ते को सुरक्षित और सुगम बनाए जाने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article