– आधा दर्जन से अधिक नलकूपों को चोरों ने बनाया निशाना
– तार चोरी होने से सिंचाई ठप
बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के कई गांवों में चोरों ने निजी नलकूपों को निशाना बनाते हुए बिजली की केबल चोरी कर ली। करियामई, छिबऊ कला, धरमपुर और गंदरौली गांव में छह से अधिक निजी नलकूपों से केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में रोष है।
किसानों के मुताबिक नलकूपों से बिजली की केबल चोरी होने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो गई है। खरीफ की फसलों की जरूरत के समय नलकूप बंद होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नलकूपों से केबल चोरी होने की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचने के बावजूद कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। किसानों का कहना है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और चोरी हुई केबल बरामद कराने की मांग की है। वहीं, लगातार नलकूपों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।


