छापेमारी में घरों में चोरी की बिजली से चलते मिले एसी -कूलर, जुर्माने की कार्रवाई भी शुरू
आगरा। बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने थाना सैया क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 42 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। जांच के दौरान कई घरों में चोरी की बिजली से एसी और कूलर चलते हुए मिले।
टीम ने मौके पर बिजली चोरी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कनेक्शनों और तारों की जांच की। बिजली विभाग की ओर से सभी 42 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
अचानक हुई संयुक्त छापेमारी से क्षेत्र के गांवों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम द्वारा संदिग्ध कनेक्शनों की जांच के साथ विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अवैध कनेक्शन का इस्तेमाल न करने और वैध विद्युत कनेक्शन लेने की अपील की है।


