प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में महिला अधिवक्ताओं को आरक्षण देने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर आज सुनवाई होगी। अधिवक्ता कुमारी अपराजिता सिंह की ओर से दाखिल याचिका में बार एसोसिएशन के सभी पदों पर महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग की गई है।
याचिका ऐसे समय दाखिल हुई है जब हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 17 सितंबर 2026 को हो चुका है। चुनाव में 30 पदों के लिए 263 प्रत्याशी मैदान में थे और मतदान के बाद मतपत्रों की छंटाई एवं मतगणना की प्रक्रिया चल रही है।
याचिका में महिला अधिवक्ताओं को बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की गई है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट द्वारा बार एसोसिएशन की शासी/कार्यकारिणी संस्थाओं में महिलाओं के न्यूनतम 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व को लेकर दिए गए निर्देशों की पृष्ठभूमि में सामने आया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाल ही में एक अन्य बार एसोसिएशन के मामले में भी भविष्य के चुनावों में 30 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उपनियमों में संशोधन की आवश्यकता बताई थी।


