मरा समझकर कुइयां के पास छोड़कर भागा आरोपी, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपने दोस्त बबलू राठौर (40) को कार के पीछे बांध दिया और करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा। इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर कुइयां के पास छोड़कर फरार हो गया।
बबलू के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुइयां के पास वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विमलेश राठौर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर परिजनों से भी जानकारी ली है।
बताया गया कि बबलू और विमलेश के बीच पुरानी दोस्ती थी। दोनों शनिवार को शाहाबाद गए थे। वापसी के दौरान शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद घटना को अंजाम देने का आरोप है। विवाद की वास्तविक वजह की पुलिस जांच कर रही है।


