33 C
Lucknow
Monday, September 21, 2026

शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की निकासी तेज

Must read

 

– सितंबर में अब तक 20,974 करोड़ निकाले, 2026 में कुल बिकवाली 2.45 लाख करोड़

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने एक बार फिर बिकवाली शुरू कर दी है। सितंबर में 18 तारीख तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से 20,974 करोड़ की निकासी की है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में अब तक उनकी कुल निकासी करीब 2.45 लाख करोड़ हो गई है।

विदेशी निवेशकों का रुख ऐसे समय बदला है, जब जुलाई और अगस्त में उन्होंने भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी की थी। सीडीएसएल के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में एफपीआई ने करीब 20,200 करोड़ और अगस्त में 29,630 करोड़ का निवेश किया था।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार विदेशी निवेशकों की सितंबर की बिकवाली के पीछे कई वैश्विक कारक हैं। इनमें अमेरिका में ऊंची ब्याज दरें और बॉन्ड प्रतिफल, भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतें तथा भारतीय रुपये में कमजोरी प्रमुख हैं।
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ने से भारत और अमेरिका के बीच प्रतिफल का अंतर कम हुआ है, जिससे विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय परिसंपत्तियों का तुलनात्मक आकर्षण प्रभावित हुआ है। वहीं, महंगा कच्चा तेल भारत के आयात बिल और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ाता है।
2026 में अब तक विदेशी निवेशकों की 2.45 लाख करोड़ की निकासी, पूरे 2025 में हुई करीब 1.66 लाख करोड़ की निकासी से अधिक हो चुकी है। हालांकि, विदेशी निवेशकों का प्राथमिक बाजार यानी नए निर्गमों के माध्यम से निवेश जारी रहने की बात भी सामने आई है।

विदेशी निवेशकों ने सितंबर में भारतीय ऋण बाजार से भी धन निकाला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पूर्ण पहुंच मार्ग से 10,296 करोड़, स्वैच्छिक प्रतिधारण मार्ग से 1,817 करोड़ और सामान्य मार्ग से 1,068 करोड़ की निकासी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article