लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी पाती में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में भागीदारी का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में ट्रेड शो का आयोजन होगा। वर्ष 2023 में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य यूपी के उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। ODOP और MSME के माध्यम से चार करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। ODOP की सफलता से प्रेरित होकर ODOC पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्यात में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की भागीदारी है और यूपी अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।
निवेश से रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में निवेश का लक्ष्य 15 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। देश-विदेश से यूपी में निवेश की इच्छा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और इसका सीधा लाभ युवाओं को मिलता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से ट्रेड शो का लाभ उठाने की अपील की।


