– चित्रों के जरिए बच्चों ने दिखाई स्वच्छ
– शिक्षित और विकसित भारत की तस्वीर
नवाबगंज, फर्रुखाबाद । प्राथमिक विद्यालय नगला झब्बू सिंह में सोमवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास और देश के उज्ज्वल भविष्य जैसे विषयों को अपनी चित्रकला का आधार बनाया। किसी ने स्वच्छ और सुंदर भारत की तस्वीर पेश की तो किसी ने पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के जरिए देश को आगे बढ़ते हुए दिखाया। बच्चों की रचनाओं में देश के प्रति उनकी सोच और सपनों की झलक देखने को मिली।
विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपने विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर देती हैं। इससे बच्चों में देश और समाज के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।
विद्यालय में तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी 22 सितंबर को लगाई जाएगी। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ ग्रामीणों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे बच्चों की प्रतिभा को देख सकें और उनका उत्साह बढ़ा सकें।
विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला छात्र अपने चित्र के साथ 26 सितंबर को बीआरसी नवाबगंज में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगा। ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बच्चों का चयन जिला स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक रामबरन के साथ सहायक शिक्षक प्रतिभा वर्मा, नेहा वर्मा, प्रियंका यादव, आकाश राजपूत, शिक्षामित्र नीलम और अखिलेश ने बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। शिक्षकों ने बच्चों की चित्रकला को निखारने और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका लगातार उत्साहवर्धन किया।


