विदेशी मेहमानों से लेकर यातायात और सुरक्षा तक हर व्यवस्था हो पुख्ता
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की सफलता के लिए सुरक्षा, सुव्यवस्था और विदेशी मेहमानों सहित सभी आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, वाहन खड़े करने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, भोजन, इंटरनेट सुविधा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रत्येक व्यवस्था को पहले से परखा जाए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इसके जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और देश में निर्मित वस्तुओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेले में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह भागीदार देशों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। करीब छह सौ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी और व्यवसायियों के बीच होने वाली बैठकों को बेहतर ढंग से आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि मेले में अवध, बुंदेलखंड, ब्रज सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता की व्यापक झलक दिखाई देनी चाहिए। स्थानीय कलाकारों और युवाओं के साथ एक जिला एक उत्पाद, लघु एवं मध्यम उद्योग, हस्तशिल्प, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, वस्त्र और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाए।


