– 6E 7642 उड़ान भरने के बाद लौटी नोएडा
– हाल के दिनों में भी सामने आईं परिचालन संबंधी कई घटनाएं
नोएडा। इंडिगो की नोएडा से जयपुर जाने वाली फ्लाइट 6E 7642 में रविवार को एक बार फिर खराबी की सूचना के बाद विमान को वापस नोएडा एयरपोर्ट लाया गया। उड़ान भरने के बाद तकनीकी समस्या सामने आने पर सुरक्षा के लिहाज से विमान की वापसी कराई गई। विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लगातार कई मामलों के बाद लोग सकते मे हैं।
6E 7642 नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जयपुर के बीच संचालित होने वाली नियमित उड़ान है। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार यह सेवा 1 जुलाई 2026 से दैनिक संचालित की जा रही है।
तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान को गंतव्य जयपुर ले जाने के बजाय वापस नोएडा लाया गया। मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और खराबी का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
इंडिगो की परिचालन व्यवस्था पर हाल में भी सवाल उठे हैं। 15 सितंबर को अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में कार्गो क्षेत्र में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद विमान को एहतियातन लखनऊ डायवर्ट किया गया था। विमान में 103 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
इंडिगो को दिसंबर 2025 में बड़े पैमाने पर परिचालन संकट का सामना करना पड़ा था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार 3 से 5 दिसंबर 2025 के बीच 2,507 उड़ानें रद्द और 1,852 उड़ानें विलंबित हुई थीं, जिससे तीन लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए थे। बाद में जांच समिति ने परिचालन में ओवर-ऑप्टिमाइजेशन, नियामकीय तैयारी की कमी, सॉफ्टवेयर सपोर्ट की कमियां और प्रबंधन एवं परिचालन नियंत्रण से जुड़ी खामियों को प्रमुख कारणों में शामिल किया था।
इंडिगो ने बाद में बताया था कि दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए करीब 4,500 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।
मौजूदा घटना में यात्रियों को सुरक्षित वापस उतार लिया गया है और तकनीकी खराबी की प्रकृति अभी स्पष्ट नहीं है।


