32 C
Lucknow
Sunday, September 20, 2026

44 इंटर कॉलेजों को मिलेंगी ₹50-₹50 हजार की पुस्तकें

Must read

– 17 साहित्यकारों का होगा सम्मान
– 21 सितंबर को पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में होगा पुस्तक वितरण सम्मान समारोह

फर्रुखाबाद। राष्ट्रभाषा हिन्दी एवं हिन्दी साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा जिले में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 सितंबर को हिन्दी पखवाड़े के अवसर पर पुस्तक वितरण सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत होंगे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ तथा परियोजना निदेशक कपिल कुमार विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र राठौर, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे।
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनान्तर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के 44 इंटर कॉलेजों को 50-50 हजार रुपये मूल्य की हिन्दी साहित्य की पुस्तकें निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। इसके माध्यम से संबंधित शिक्षण संस्थानों में हिन्दी साहित्य की पुस्तकों से युक्त मिनी लाइब्रेरी विकसित करने की योजना है।
इन विद्यालयों को पुस्तकें सम्मान पत्र के साथ प्रदान की जाएंगी। योजना के तहत बढ़पुर विकासखंड के 12, मोहम्मदाबाद के 4, कमालगंज के 10, अमृतपुर के 11 और नवाबगंज के 7 इंटर कॉलेज शामिल हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिले के 17 साहित्यकारों का सम्मान होगा। सांसद मुकेश राजपूत द्वारा साहित्यकारों को प्रशस्ति-पत्र, पुस्तकें एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले साहित्यकारों में शिव ओम अंबर, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, पवन बाथम, बृजकिशोर सिंह, रामावतार शर्मा ‘इंदु’, महेश पाल सिंह उपकारी, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, प्रीति पवन तिवारी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारती मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, उपकार मणि, वैभव सोमवंशी, उत्कर्ष अग्निहोत्री, स्मृति अग्निहोत्री और विशाल श्रीवास्तव शामिल हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार के अनुसार, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनान्तर्गत फर्रुखाबाद में हिन्दी एवं हिन्दी साहित्य के प्रचार-प्रसार की दिशा में यह पहला आयोजन है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पुस्तकों की उपयोगिता और पुस्तक संस्कृति को जीवित रखना जरूरी है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी के महान साहित्यकारों की रचनाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना को सफलतापूर्वक लागू कराने में परियोजना निदेशक कपिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम का संयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत करेंगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम की गतिविधियां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगी। सम्मान कार्यक्रम के बाद चयनित शिक्षण संस्थानों को पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिन्दी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना, पुस्तकालयों को समृद्ध करना और जिले में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article